Sunday 1 March 2015

चैपलिन से महात्मा गांधी की मुलाक़ात

चैपलिन से महात्मा गांधी की मुलाक़ात 

भारत तो भारत, इंगलैंड में भी गांधीजी की प्रतिष्ठा का आलम यह था! … अफ्रीका से भारत लौट आने के बाद गांधी केवल एक बार विदेश यात्रा पर गए: 1931 में गोलमेज वार्ता में शरीक होने। वार्ता तो विफल रही, लेकिन अंगरेजों का दिल उन्होंने बहुत जीत लिया। वे किसी ऊँचे होटल में नहीं रुके, पूर्वी लंदन के पिछड़े इलाके में सामुदायिक किंग्सली हॉल (अब गांधी फाउंडेशन) के एक छोटे-से कमरे में ठहरे। जमीन पर बिस्तर लगाया। लंदन की ठण्ड में भी अपनी वेशभूषा वही रखी - सूती अधधोती, बेतरतीब दुशाला, चप्पल। वे कोई तीन महीने वहां रहे। … 

यह तसवीर तब की है जब लंदन प्रवास के दौरान चार्ली चैपलिन गांधीजी से मिले। चैपलिन हॉलीवुड में चरम प्रसिद्धि बटोर कर अपने वतन लौट आए थे। वे राजनेताओं से राजनीति की चर्चा में रुचि लेने लगे थे। अपनी फिल्म 'सिटी लाइट्स' के प्रीमियर के लिए वे लंदन में ही थे। किसी ने उन्हें सुझाया कि गांधी से मिलना चाहिए। उन्हें कैनिंग टाउन में डॉक्टर चुन्नीलाल कटियाल के यहाँ 22 सितम्बर, 1931 की शाम का वक्त दिया, जहाँ उस रोज गांधीजी को जाना था। 

गांधीजी से मुलाकात का दिलचस्प जिक्र चैपलिन ने अपनी आत्मकथा में किया है; नेहरू और इंदिरा गांधी के साथ प्रवास का भी। गांधीजी का जिस घड़ी का यह फोटो है, उस वक्त चैपलिन ऊपर खिड़की से यह दृश्य देख रहे थे, क्योंकि वे कुछ पहले (या शायद अंगरेजी कायदे के मुताबिक ठीक वक्त पर) पहुँच चुके थे। चैपलिन के अपने शब्दों में: "अंततः जब वे (गांधी) पहुंचे और अपने पहनावे की तहें संभालते हुए टैक्सी से उतरे तो स्वागत में जयकारों की भारी गूँज उठ पड़ी। उस छोटी तंग गरीब बस्ती (स्लम) में क्या अजब दृश्य था जब एक बाहरी शख्स एक छोटे-से घर में जन-समुदाय के जय-घोष के बीच दाखिल हो रहा था।" 

चैपलिन को घेर बैठी एक युवती को एक दबंग महिला (संभवतः सरोजिनी नायडू) ने डपट कर चुप कराया, "क्या अब आप इनको गांधीजी से बतियाने देंगी?" कमरे में 'सन्नाटा' छा गया। गांधीजी चैपलिन की ओर देख रहे थे। चैपलिन लिखते हैं कि गांधीजी से तो मैं उम्मीद नहीं कर सकता था कि मेरी किसी फिल्म पर बात शुरू करते हुए कहेंगे कि बड़ा मजा आया; "मुझे नहीं लगता था कि उन्होंने कभी कोई फिल्म देखी भी होगी।" सो चैपलिन ने अपना "गला साफ किया" और कहा कि मैं स्वाधीनता के लिए भारत के संघर्ष के साथ हूँ; पर आप मशीनों के खिलाफ क्यों हैं, उनसे तो दासता से मुक्ति मिलती है, काम जल्दी होता है और मनुष्य सुखी रहता है?

गांधीजी ने मुस्कुराते हुए शांत स्वर में उन्हें अहिंसा से लेकर आजादी के संघर्ष का सार पेश कर दिया। गांधीजी ने कहा - आप ठीक कहते हैं; मगर हमें पहले अंगरेजी राज से मुक्ति चाहिए। मशीनों ने हमें अंगरेजों का और गुलाम बनाया है। इसलिए हम स्वदेशी और स्व-राज की बात करते हैं। हमें अपनी जीवन-शैली बचानी है। हमारी आबोहवा ही आपसे बिलकुल जुदा है। ठंडे मुल्क में आपको अलग किस्म के उद्योग और अर्थव्यवस्था की जरूरत है: खाना खाने के लिए आपको छुरी-कांटे आदि उपकरणों की जरूरत पड़ती है, सो आपने इसका उद्योग खड़ा कर लिया, पर हमारा काम तो उँगलियों से चल जाता है। हमें अनावश्यक चीजों से भी आजादी दरकार है।

चर्चा में चैपलिन आजादी की अनूठी दलीलों, गांधीजी के विवेक, कानून की समझ, राजनीतिक दृष्टि, यथार्थवादी नजरिए और अटल संकल्पशक्ति से अभिभूत हो गए। पर तब हैरान रह गए जब गांधीजी ने अचानक कहा कि माफ कीजिए, हमारी प्रार्थना का वक्त हो गया। उन्होंने चैपलिन को कहा, आप चाहें तो यहीं बैठे रहें। चैपलिन ने सोफे पर बैठे-बैठे देखा: गांधीजी और पांच भारतीय जमीन पर पालथी मार कर बैठ गए और रघुपतिराघव राजा-राम, पतित-पावन सीता-राम; वैष्णव जन तो तेने कहिये, जे पीर पराई जाणे रे गाने लगे। 

चैपलिन को लगा कि महात्मा ने अपनी सारी बौद्धिक-राजनीतिक उपलब्धि इस समूह-गान में उड़ा डाली।


मगर क्या सचमुच? शायद यही तो वह सांस्कृतिक भेद था जिसे क्या चैपलिन क्या अंगरेज, गांधीजी अंत तक हम भारतवासियों तक को समझाते रहे!
-- ओम थानवी 
७ जुलाई २०१४ को फेस बुक में प्रकाशित ।


No comments:

Post a Comment

Add

चण्डीगढ़ की हिन्दी कवयित्री श्रीमती अलका कांसरा की कुछ कविताएँ

Hindi poems /    Alka kansra / Chandi Garh Punjab    चण्डीगढ़   गढ़     में   रसायन   शास्त्र   की   प्रोफ़ेसर   श्रीमती   अलका   कांसरा   ह...